रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए फैसला
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारी बारिश के कारण प्रदेश के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे हालात में स्कूली बच्चों को किसी तरह का जोखिम न उठाना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर के विद्यालयों में एक दिन का अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है।
अभिभावकों से बच्चों को घर पर रखने की अपील
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर पर ही रखें और मौसम को देखते हुए सतर्क रहें। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की भी अपील की है।
कलेक्टरों को आदेश के पालन के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में अवकाश संबंधी आदेश का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन को बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर नजर रखने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।