मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुंगेली जिले के ग्राम मदकू में 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, बिजली, खेल और जनसुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्यों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित आंगन मिलन सेवा, रक्तदान एवं नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर में भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प विकास की गति को तेज करने के साथ शासन की योजनाओं और जनसेवा का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने गांवों में बेहतर सड़क, स्वास्थ्य और पोषण सुविधाओं के साथ गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने की बात कही।
सेवा संकल्प अभियान के जरिए जनभागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनसेवा के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करने का माध्यम है। इसके जरिए स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने सुशासन का अर्थ बताते हुए कहा कि नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए भटकना न पड़े और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो। मुख्यमंत्री ने ई-ऑफिस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों जैसी पहलों का भी उल्लेख किया।
स्वस्थ माता और सुपोषित बच्चे पर फोकस
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और माताओं के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्होंने बच्चों के शुरुआती वर्षों में पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और देखभाल पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई।
मुख्यमंत्री ने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य और पोषण सेवाएं पहुंचाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।
उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख माताओं-बहनों के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता पहुंच रही है।
स्वास्थ्य जांच और रक्तदान की अपील
मुख्यमंत्री ने मेगा स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे लोगों से स्वास्थ्य जांच का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्लड प्रेशर, मधुमेह और एनीमिया जैसी समस्याओं की समय पर पहचान होने से उपचार में मदद मिलती है।
उन्होंने रक्तदान करने वाले लोगों को बधाई देते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। मुख्यमंत्री ने युवाओं और अन्य सेवाभावियों से भी रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
मदकू द्वीप में इको टूरिज्म सेंटर का ऐलान
मुख्यमंत्री साय ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की समृद्ध विरासत का संरक्षण और उसे नई पीढ़ी से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने मदकू द्वीप में इको टूरिज्म सेंटर के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से मदकू की पहचान को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल से जुड़ी कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की घोषणा की। इसके अलावा पिपरडोल और लमती की प्राथमिक शालाओं को मिडिल स्कूल में उन्नत करने का ऐलान किया।
उन्होंने ताला महोत्सव और मदकू द्वीप उत्सव के आयोजन के लिए 15-15 लाख रुपये देने तथा पथरिया के अवंती बाई लोधी कॉलेज में रानी अवंती बाई लोधी की आदमकद प्रतिमा के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।
भाटापारा में इनडोर स्टेडियम निर्माण और क्षेत्र के 10 गांवों में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की भी घोषणा की गई।
बिजली और अधोसंरचना के लिए भी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने मदकू और तुमाढेठा में 33 केवी सब स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की। चंदखुरी की कोर बस्ती में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये और मदकू में सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा भी की गई।
68.96 करोड़ के 21 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 34 करोड़ 77 लाख 19 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि 34 करोड़ 19 लाख 77 हजार रुपये की लागत के नए कार्यों का शिलान्यास किया।
लोकार्पित कार्यों में लोक निर्माण विभाग के तहत लोरमी विधानसभा क्षेत्र के 20 करोड़ 07 लाख 61 हजार रुपये के आठ कार्य और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र का 10 करोड़ 68 लाख 06 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और पुलिस विभाग के कार्य भी लोकार्पित किए गए।
शिलान्यास किए गए कार्यों में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र का 8 करोड़ 04 लाख 63 हजार रुपये का एक कार्य शामिल है। लोक निर्माण विभाग के तहत मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में 20 करोड़ 88 लाख 29 हजार रुपये के तीन और बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में 4 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपये के दो कार्यों की आधारशिला रखी गई। बिल्हा क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के 43 लाख रुपये के कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
‘मदकू की प्राचीन विरासत को मिलेगी नई पहचान’
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने स्वर्गीय समाजसेवी शांताराम सराफ को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भी उनका स्मरण किया।
तोखन साहू ने मदकू द्वीप के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को सामने लाने में स्वर्गीय शांताराम सराफ के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी विरासत को सहेजना भी जरूरी है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मदकू द्वीप छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत को समेटे हुए है और राज्य सरकार इसके संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यक्रम में सम्मानित सेवाभावियों को भी बधाई दी।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने भी मदकू द्वीप के विकास और इसकी ऐतिहासिक पहचान को आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, मंत्री दयाल दास बघेल, मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, पुन्नूलाल मोहले सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।