November 22, 2026

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक बेटे ने साहस दिखाते हुए तेंदुए के हमले से अपनी मां की जान बचा ली। मां की चीख सुनकर बेटा बिना अपनी जान की परवाह किए तेंदुए से भिड़ गया। करीब 20 से 25 मिनट तक चले संघर्ष के बाद तेंदुआ महिला को छोड़कर एक बकरी को उठाकर जंगल की ओर भाग गया। घटना में मां और बेटा दोनों घायल हुए हैं। मामला सांवरी वन परिक्षेत्र के मुजावर माल गांव का है।

बकरियों को बांधकर लौट रही महिला पर हमला

जानकारी के मुताबिक, मुजावर माल गांव में घर से करीब 100 मीटर दूर बने बाड़े में बकरियों को बांधकर लौट रही गीता बाई पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए ने महिला को दबोच लिया। उसकी चीख सुनते ही बेटा सनोज मौके पर पहुंचा और तेंदुए से भिड़ गया।

मां को छोड़ बेटे पर झपटा तेंदुआ

बताया जा रहा है कि सनोज ने तेंदुए पर डंडे और हाथों से वार किए। इस दौरान तेंदुए ने महिला को छोड़कर युवक पर हमला कर दिया। करीब 25 मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा। आखिरकार सनोज ने मां को तेंदुए के चंगुल से छुड़ा लिया। इसके बाद तेंदुआ एक बकरी को उठाकर जंगल की ओर भाग गया।

अस्पताल में भर्ती मां-बेटा

हमले में गीता बाई और उनका बेटा सनोज दोनों घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग का अमला भी अस्पताल पहुंचा।

घायल गीता बाई ने बताया कि वह बाड़े में बकरी बांधकर बाहर निकल रही थीं, तभी तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। उनकी आवाज सुनकर बेटा दौड़कर आया और तेंदुए से भिड़ गया।

वहीं, सनोज ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो तेंदुआ उसकी मां को दबाए हुए था। उसने डंडे और हाथों से तेंदुए पर वार किए। तेंदुए ने उस पर भी हमला किया, लेकिन वह करीब 20 से 25 मिनट तक मुकाबला करता रहा और मां को छुड़ा लिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *