November 21, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऑनलाइन फ्रॉड के जरिए जालसाजों ने महज नौ महीनों में शहर के लोगों को 35.31 करोड़ रुपए की चपत लगाई है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 1 जनवरी से 30 सितंबर 2026 तक पुलिस के पास साइबर ठगी की कुल 4,179 शिकायतें पहुंचीं। इनमें से केवल 943 मामलों में ही एफआईआर दर्ज की गई।

नौ महीने में 35.31 करोड़ रुपए की ठगी

आंकड़ों के अनुसार, साल 2026 के शुरुआती 273 दिनों में भोपाल के लोगों ने साइबर ठगी में 35.31 करोड़ रुपए गंवाए। इस दौरान शिकायतों की संख्या हजारों में रही, लेकिन एफआईआर की संख्या उसके मुकाबले काफी कम रही। इससे साइबर अपराधों की शिकायतों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

पिछले वर्षों में भी शिकायत और FIR के बीच बड़ा अंतर

साइबर ठगी की शिकायतों और एफआईआर के आंकड़ों में अंतर पिछले वर्षों में भी सामने आया है।

  • 2019 से 2021: कुल 8,614 शिकायतें मिलीं, जबकि 400 एफआईआर दर्ज हुईं।
  • 2023: 6,087 शिकायतों के मुकाबले सिर्फ 50 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई।
  • 2025: 4,724 शिकायतें मिलने पर 60 एफआईआर दर्ज हुईं।

युवा भी साइबर ठगों के निशाने पर

साइबर अपराधियों के जाल में युवाओं के फंसने की संख्या भी चिंता का विषय है। डिजिटल ट्रांजैक्शन, सोशल मीडिया और ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। जल्दी मुनाफा कमाने का लालच और बिना जांच-पड़ताल के ऑनलाइन लेन-देन कई बार लोगों को ठगी का शिकार बना देता है।

जागरूकता को बताया बचाव का सबसे बड़ा हथियार

साइबर ठगी के बढ़ते मामलों ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं, शिकायतों और एफआईआर के बीच अंतर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है। साइबर विशेषज्ञों का मानना है कि ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूकता जरूरी है। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर बैंकिंग जानकारी साझा करने और बिना पुष्टि के ऑनलाइन निवेश करने से बचना चाहिए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *