November 21, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में कांग्रेस नेताओं के शामिल नहीं होने को लेकर भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के एक भी नेता राज्योत्सव में नजर नहीं आए। उन्हें प्रदेश की खुशियों से कोई सरोकार नहीं है। उनका प्रेम केवल कुर्सी के लिए है। सांसद ने कांग्रेस नेताओं की तुलना कालनेमि राक्षस से करते हुए कहा कि उनका छत्तीसगढ़ के प्रति प्रेम भी वैसा ही दिखावटी है।

अलग राज्य के गठन को लेकर कांग्रेस पर निशाना

राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि लोग लंबे समय तक अलग छत्तीसगढ़ राज्य बनने की कल्पना करते रहे थे। कांग्रेस ने अलग राज्य का निर्माण किया, लेकिन तेलंगाना के गठन के दौरान काफी खून-खराबा हुआ। इसके विपरीत छत्तीसगढ़ बिना खून-खराबे के अलग राज्य बना और यहां अमन-चैन कायम है।

मॉक पार्लियामेंट को लेकर भी साधा निशाना

दिल्ली में कांग्रेस की ओर से मॉक पार्लियामेंट आयोजित किए जाने पर सांसद पांडेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह कोई नई बात नहीं है। उन्होंने बस्तर में नक्सलियों की कथित जनताना सरकार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां बंदूक की नोक पर शासन चलाया जाता था।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयान का समर्थन करते हुए कांग्रेस पर सदन में अपनी बात रखने के बजाय सदन से भागने का आरोप भी लगाया।

निकाय और अहिवारा उपचुनाव के लिए भाजपा तैयार

नगरीय निकाय चुनाव और अहिवारा उपचुनाव को लेकर संतोष पांडेय ने कहा कि भाजपा हर चुनाव के लिए तैयार रहती है। उन्होंने दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का उल्लेख करते हुए कहा कि रिक्त सीट पर उपचुनाव संवैधानिक प्रक्रिया का हिस्सा है।

सांसद ने बताया कि चुनाव की तैयारियों के तहत लगातार बैठकें होंगी। शक्ति केंद्रों पर भी बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठनात्मक बैठकें लगातार चलती रहती हैं और पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *