जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 176 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के एक खाली मकान में की गई।

रिहायशी इलाके में पटाखों का अवैध भंडारण
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर अवैध रूप से पटाखे जमा कर उनकी बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलने के बाद बलौदा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान अलग-अलग कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने करीब 176 किलो पटाखे, जिनकी अनुमानित कीमत 8.56 लाख रुपये है, विधिवत जब्त कर लिए।
नैला निवासी आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने दीपक कुमार अग्रवाल (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी नैला के वार्ड क्रमांक 04 का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस की जांच में पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर सहित बलौदा थाना स्टाफ का योगदान रहा।