रायपुर। राजधानी रायपुर के जेल रोड स्थित मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में रोलबोल यूथ कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनीति, सिनेमा, कारोबार, स्वास्थ्य, डिजिटल मीडिया और क्रिएटिव क्षेत्र से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। न्यूज़24 एमपी-सीजी और लल्लूराम डॉट कॉम आयोजन के मीडिया पार्टनर रहे। कॉन्क्लेव के जरिए युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाले लोगों के अनुभवों, संघर्षों और सीख को करीब से जानने का अवसर मिला।

राज्यपाल रमेन डेका रहे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। अतिथियों ने युवाओं से संवाद कर उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, मेहनत जारी रखने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कारोबार से बॉलीवुड तक की सफलता की कहानियां
कॉन्क्लेव में अलग-अलग क्षेत्रों से आए वक्ताओं ने अपनी सफलता की यात्रा और उससे जुड़े अनुभव साझा किए। फिल्म धुरंधर के रिसर्च कंसल्टेंट आदित्य राज कौल ने अपने सफर और अनुभवों के बारे में बताया।
कारोबारी दीपक सांघवी ने अपनी व्यावसायिक यात्रा साझा करते हुए बताया कि किस तरह उन्होंने अपने कारोबार को आगे बढ़ाकर करीब 500 करोड़ रुपये की कंपनी खड़ी की। वहीं बॉलीवुड अभिनेता दर्शन कुमार ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने संघर्ष और करियर के अनुभव युवाओं के सामने रखे।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी अपनी जीवन यात्रा और अनुभव साझा किए। इन संवादों के जरिए युवाओं को यह समझने का मौका मिला कि सफलता के पीछे मेहनत, चुनौतियों और लगातार सीखते रहने की अहम भूमिका होती है।
रोलबोल के संस्थापक दर्शन सांखला की पहल रही चर्चा में
आयोजन में रोलबोल के संस्थापक दर्शन सांखला की मौजूदगी भी खास रही। कॉन्क्लेव का उद्देश्य युवाओं को प्रेरणादायक व्यक्तित्वों से जोड़ना और उनके वास्तविक अनुभवों को साझा करने के लिए मंच उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में रोलबोल की इसी सोच की झलक देखने को मिली।
पैनल डिस्कशन में विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
कॉन्क्लेव के दौरान आयोजित पैनल डिस्कशन में शिक्षा, कारोबार, स्वास्थ्य, संगीत, फिल्म निर्माण, डिजिटल कंटेंट और व्यक्तिगत विकास जैसे क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।
पैनल में कृष्णा पब्लिक स्कूल से आशुतोष त्रिपाठी, मेघ गंगा ग्रुप से मनीष पारख, संजीवनी कैंसर हॉस्पिटल से डॉ. यूसुफ मेमन, लंदन परफ्यूम के संस्थापक शौमित शर्मा, संगीतकार मोंटी शर्मा, निर्देशक दीपक गर्ग, मुंबई से प्रतीक्षा जेड, फूड ब्लॉगर और इन्फ्लुएंसर अमर सिरोही तथा मैनिफेस्टेशन कोच शिखर चौधरी सहित कई हस्तियां शामिल हुईं।
विशेषज्ञों ने अपने-अपने क्षेत्र के अनुभव साझा करते हुए युवाओं के सामने करियर, उद्यमिता और व्यक्तिगत विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।
युवाओं को संघर्ष और सीख से जोड़ने की पहल
रोलबोल यूथ कॉन्क्लेव 2026 का उद्देश्य युवाओं को केवल सफलता की चमकदार तस्वीर दिखाना नहीं, बल्कि उस मुकाम तक पहुंचने के पीछे की मेहनत, संघर्ष और सीख से भी परिचित कराना रहा। विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों के साथ संवाद और पैनल चर्चा के जरिए यह आयोजन युवाओं के लिए अनुभव साझा करने, नए विचार जानने और अपने लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा पाने का मंच बना।