धमतरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सीजी-05 रेस्टोरेंट लॉज में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान कवर्धा निवासी पिंकी मानिकपुरी के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बॉयफ्रेंड से मिलने धमतरी आई थी युवती
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पिंकी अपने बॉयफ्रेंड से मिलने धमतरी आई थी। दोनों सीजी-05 रेस्टोरेंट लॉज के एक कमरे में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
विवाद के कुछ देर बाद युवती कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
हत्या की आशंका से भी उठ रहे सवाल
युवती की संदिग्ध मौत के बाद हत्या की आशंका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। लॉज में युवती और उसके साथ मौजूद युवक के बीच हुए विवाद को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक, युवती की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई।