November 6, 2026

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर के रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में आयोजित वंदे मातरम् सामूहिक गायन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि देशभर में 25 हजार से अधिक स्थानों पर विद्या भारती के विद्यार्थियों ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन ने विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है।

CM साय बोले- वंदे मातरम् मां भारती की वंदना

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वंदे मातरम् मां भारती की वंदना है। उन्होंने कहा कि इस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत किया। आजादी के लिए संघर्ष करने वाले अनेक वीरों ने वंदे मातरम् का नारा लगाते हुए अपने प्राण न्योछावर किए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत का गायन करते हुए अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी में योगदान दिया। वंदे मातरम् आज भी देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त करता है।

शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने विद्या भारती की शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्था बच्चों की शिक्षा के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देती है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास का मूल मंत्र है और भारत प्राचीन काल से ही विद्या एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे रहा है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और जिम्मेदारी की भावना से भी आगे बढ़ना चाहिए।

नक्सल प्रभावित बस्तर में शिक्षा का विस्तार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। उनके अनुसार, सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में बदलाव आ रहा है और शिक्षा के क्षेत्र में भी नए काम किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी बनाई जा रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

34 स्थानों पर बन रहे नालंदा परिसर

सीएम साय ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए प्रदेश में 34 स्थानों पर नालंदा परिसर बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में रहकर छत्तीसगढ़ के 13 बच्चों ने यूपीएससी परीक्षा पास की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन और सुविधाएं अपने राज्य में ही उपलब्ध हों।

विद्यार्थियों से बोले- सपना देखिए और मेहनत कीजिए

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश का भविष्य उनके कंधों पर टिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के विकास को लेकर बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सपना देखने के साथ लगन और मेहनत से पढ़ाई करने पर सफलता हासिल की जा सकती है। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “वो दूर खड़ी मंजिल इंगित कर तुम्हें बुलाती है, शिखर से बढ़ने वालों के माथे पर तिलक लगाती है।”

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *