भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में अपने ही ईवी ऑटो पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 अक्टूबर की है और पूरा मामला छावनी थाना क्षेत्र के पावर हाउस का है। पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सवारी बैठाने को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, पावर हाउस में सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालकों के बीच विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद एक ऑटो चालक नाराज हो गया और उसने अपनी ही ईवी ऑटो पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
लोगों के समझाने के बावजूद नहीं माना चालक
बताया गया है कि घटना के समय आसपास मौजूद लोग ऑटो चालक को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। इसके बाद उसने अपने ही वाहन को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में कार्रवाई करते हुए ऑटो चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। चालक के पारिवारिक तनाव से परेशान होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी पुलिस जांच के आधार पर स्पष्ट होगी।