रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निवास पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच आत्मीय बातचीत भी हुई। मुलाकात के दौरान विधायक प्रबोध मिंज भी मौजूद रहे।

हादसे के बाद इलाज के लिए दिल्ली में थे किरण सिंह देव
बता दें कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम से लौटते समय उत्तर प्रदेश में हुए सड़क हादसे में किरण सिंह देव घायल हो गए थे। इसके बाद उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था। करीब 56 दिन बाद 23 सितंबर को इलाज पूरा होने के बाद वे दिल्ली से छत्तीसगढ़ लौटे।
रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया था।
‘सभी की प्रार्थना और विश्वास का असर है’
छत्तीसगढ़ लौटने के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में किरण सिंह देव ने कहा था कि छत्तीसगढ़ महतारी की पावन धरती पर वापस आकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने बेड रेस्ट के दौरान मिले लोगों के सहयोग और स्नेह के लिए आभार जताया।
उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से लेकर पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता तक का धन्यवाद किया। साथ ही विपक्ष और अन्य राजनीतिक दलों से मिले सहयोग का भी उल्लेख किया।
किरण सिंह देव ने कहा था कि सभी की प्रार्थना और विश्वास का ही असर है कि वह स्वस्थ होकर वापस लौटे हैं।