छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 लाख रुपये से अधिक की अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस के मुताबिक, शराब को दशहरा मेले में बेचने के लिए जमा करके रखा गया था। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

छापेमारी में 75 पेटी शराब बरामद
मामला कोड़ेनार थाना क्षेत्र का है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम मावलीभाटा के जहाजभाटा पारा में छापेमारी की। इस दौरान मध्य प्रदेश की 75 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
जब्त शराब में गोवा व्हिस्की की 3,750 बोतलें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 6 हजार 250 रुपये है।
दशहरा मेले में बेचने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी दुलगो कवासी ने शराब को दशहरा मेले में बेचने के इरादे से अपने घर में जमा करके रखा था। छापेमारी के दौरान शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
कार्रवाई के बाद बस्तर पुलिस अब अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसके वितरण में कौन-कौन शामिल था।