शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में सेंट्रल बैंक में लूट के प्रयास से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शाम के समय तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाश बैंक में घुस गए। हालांकि, बैंक के लॉकर बंद होने के कारण वे लूट की वारदात को अंजाम नहीं दे सके। घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

शाम 6 बजे बैंक में घुसे बदमाश
मिली जानकारी के मुताबिक, सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सेंट्रल बैंक में शाम करीब 6 बजे तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाश दाखिल हुए। बताया जा रहा है कि उस समय बैंक के लॉकर बंद थे, जिसके चलते बदमाश लूट करने में नाकाम रहे।
10 दिन पहले भी हुई थी घुसने की कोशिश
हैरानी की बात यह है कि इसी बैंक में करीब 10 दिन पहले भी देर रात शटर तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया गया था। ताजा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बैंक के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध बदमाश नजर आने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।