भोपाल। मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में बढ़ोतरी का फैसला किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की वृद्धि की है। इसके बाद डीए 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया है।

7 लाख नियमित कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 7 लाख नियमित शासकीय कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जनवरी 2026 से देय होगा। जनवरी से सितंबर तक के 9 महीनों के एरियर्स का भुगतान तीन समान मासिक किश्तों में किया जाएगा।
अक्टूबर की सैलरी से बढ़ा हुआ DA नकद
कर्मचारियों को अक्टूबर महीने के वेतन, जिसका भुगतान नवंबर में होगा, से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान शुरू किया जाएगा। वहीं, जनवरी से सितंबर तक की बकाया राशि तीन किस्तों में दी जाएगी।
पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 2% की वृद्धि
सरकार ने पेंशनभोगियों की महंगाई राहत (DR) में भी 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। यह वृद्धि जुलाई 2026 से लागू होगी। इससे प्रदेश के करीब 4 लाख पेंशनर्स को लाभ मिलने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों और पेंशनर्स को बढ़ती महंगाई के बीच अतिरिक्त आर्थिक राहत मिलेगी।