November 21, 2026

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में खाद्य सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। शहर के प्रसिद्ध सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट में प्रशासनिक टीम की छापेमार कार्रवाई के दौरान किचन में खाना बनाने और सब्जियां धोने के लिए बाथरूम के पानी का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने रेस्टोरेंट को सील कर दिया है और उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया है।

किचन में बाथरूम के पानी का इस्तेमाल

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट में अचानक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान टीम को किचन में खाना पकाने और सब्जियां धोने के लिए बाथरूम के पानी का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली।

किचन की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई में मिली खामियों को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की।

रेलवे में भी होती थी खाने की सप्लाई

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि रेस्टोरेंट में तैयार होने वाले भोजन की सप्लाई रेलवे में भी की जाती थी। ऐसे में अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार भोजन यात्रियों तक पहुंचने की आशंका को लेकर भी चिंता जताई गई है।

रेस्टोरेंट सील, खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे

अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट को सील कर दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने उसका लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है।

कार्रवाई के दौरान टीम ने पनीर, दाल और चावल समेत अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्र किए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए स्टेट लैबोरेटरी भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *