भोपाल। राजधानी के मॉडल अस्पतालों में शामिल जेपी अस्पताल में मरीजों को इलाज के साथ-साथ वार्ड तक पहुंचने के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। अस्पताल की कुल छह लिफ्टों में से पांच बंद पड़ी हैं। इनमें गर्भवती महिलाओं, ऑपरेशन के बाद भर्ती मरीजों और गंभीर मरीजों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल होने वाली लिफ्टें भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कई लिफ्ट करीब छह महीने से बंद हैं।

अस्पताल में रोजाना एक हजार से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। तीन ब्लॉकों में कुल छह लिफ्ट हैं, लेकिन पांच के बंद होने से मरीजों और उनके परिजनों को केवल एक लिफ्ट के भरोसे रहना पड़ रहा है। ऐसे में वार्डों तक पहुंचने के लिए उन्हें काफी इंतजार और मशक्कत करनी पड़ती है।
प्रसूति वार्ड के पास की तीनों लिफ्ट बंद
अस्पताल के पुराने सी ब्लॉक में प्रसूति वार्ड के पास लगी तीनों लिफ्ट करीब छह महीने से बंद बताई जा रही हैं। सोनोग्राफी सेंटर के पास लगी लिफ्ट भी लंबे समय से बंद है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्देश पर इसे कुछ समय के लिए चालू किया गया था, लेकिन अब यह फिर बंद हो गई है।
लिफ्ट बंद होने से गर्भवती महिलाओं, ऑपरेशन के बाद चलने में असमर्थ मरीजों और स्ट्रेचर पर लाए जाने वाले गंभीर मरीजों को परेशानी हो रही है। परिजनों को व्हीलचेयर और स्ट्रेचर के जरिए मरीजों को वार्ड तक पहुंचाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
PWD को पत्र लिखने की बात कह रहे अस्पताल अधीक्षक
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजय जैन ने लिफ्ट बंद होने की समस्या स्वीकार की है। उनका कहना है कि इस संबंध में कार्रवाई के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को पत्र लिखा गया है।
वहीं, ऑफ कैमरा उन्होंने बताया कि लिफ्टों के रखरखाव और मरम्मत के लिए बजट का इंतजार किया जा रहा है। राशि मिलते ही मरम्मत कराकर लिफ्टों को दोबारा शुरू कराया जाएगा।
बजट के इंतजार में मरीजों की परेशानी
जेपी अस्पताल में पांच लिफ्टों का लंबे समय से बंद होना मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। खासकर गर्भवती महिलाओं और ऑपरेशन के बाद भर्ती मरीजों को आवाजाही में अतिरिक्त मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं।
अब सवाल यह है कि बंद लिफ्टों की मरम्मत के लिए बजट कब उपलब्ध होगा और अस्पताल प्रबंधन इन्हें दोबारा चालू कराने के लिए कब तक कदम उठाएगा।