September 14, 2026

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षक के 50 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर 250 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चिन्हित किया गया है।

परिवहन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

19 अप्रैल को हुई थी लिखित परीक्षा

अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने बताया कि परिवहन आरक्षक के 50 पदों पर भर्ती के लिए विभाग की ओर से विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 19 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई।

व्यापमं से प्राप्त लिखित परीक्षा के परिणाम, अभ्यर्थियों के प्राप्तांकों और पात्रता के आधार पर कुल 250 उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।

अब शारीरिक परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन

चिन्हित अभ्यर्थियों को अब शारीरिक मापदंड परीक्षण (Physical Measurement Test) और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके बाद भर्ती के अगले चरण पूरे किए जाएंगे।

विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची और बुलावा पत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट cgtransport.gov.in तथा परिवहन आयुक्त कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध कराए हैं।

50 पदों पर होगी नियुक्ति

इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से परिवहन विभाग में 50 परिवहन आरक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब शारीरिक मापदंड और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

सरकार का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा किया जा रहा है। इससे एक ओर विभाग में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध होगा, वहीं दूसरी ओर युवाओं को सरकारी सेवा में रोजगार का अवसर मिलेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *