मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर निशाना साधा है। बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पटवारी ने नितिन नबीन के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि वे विकास का दिया जलाने नहीं, बल्कि विनाश का दिया जलाने आ रहे हैं।
इस दौरान पीसीसी चीफ ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने शिक्षा, बेरोजगारी, स्कूलों में ड्रॉपआउट और उच्च शिक्षा में रिक्त पदों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

‘शिक्षा और बेरोजगारी पर जवाबदेही तय हो’
जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी शिक्षा की सुरक्षा और ‘छात्रों की गूंज’ अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि देश के युवाओं के सामने शिक्षा और बेरोजगारी जैसी समस्याएं हैं, तो ऐसे में प्रधानमंत्री के विकसित भारत और विश्व गुरु भारत के लक्ष्य को कैसे हासिल किया जाएगा, इस पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।
पटवारी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर कई आंकड़े भी बताए। उन्होंने दावा किया कि भारत शिक्षा के क्षेत्र में दुनिया में 80वें स्थान पर है, जबकि 10 करोड़ छात्र उच्च शिक्षा से बाहर हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि 12 करोड़ बच्चे स्कूली शिक्षा पूरी नहीं कर पा रहे हैं।
‘मध्यप्रदेश में 49 हजार स्कूल बंद हुए’
पीसीसी चीफ ने मध्यप्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 49 हजार स्कूल बंद हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि सरकारी स्कूलों को मजबूत करने के लिए सरकार की क्या नीति है।
पटवारी ने प्रदेश में बच्चों के ड्रॉपआउट रेट को 32 प्रतिशत से अधिक बताया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरकारी विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा से जुड़े 81 प्रतिशत पद खाली हैं। देश में पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने 152 बार पेपर लीक होने का दावा भी किया।
‘2028 में सरकार बनी तो KG से PG तक मुफ्त शिक्षा’
जीतू पटवारी ने कहा कि वर्ष 2028 में कांग्रेस की सरकार बनने पर KG से PG तक की शिक्षा मुफ्त करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने इसे शिक्षा के क्षेत्र में कांग्रेस की प्रस्तावित नीति के तौर पर पेश किया।
‘कार्यक्रम के लिए 10 लाख क्या, 20 लाख और ले लो’
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए पैसे जमा कराने से जुड़े सवाल पर पटवारी ने कहा कि देश में पहले भी नेता प्रतिपक्ष के कार्यक्रम होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए कांग्रेस से अभी 10 लाख लिए हैं तो 20 लाख और ले लो।
पटवारी ने सवाल उठाया कि बीजेपी और आरएसएस की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में भी क्या इसी तरह फीस जमा कराई गई थी।
नितिन नबीन के दौरे पर पटवारी का तंज
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर जीतू पटवारी ने तीखा राजनीतिक तंज कसा। उन्होंने कहा, “वे विकास का दिया नहीं, विनाश का दिया जलाने आ रहे हैं।”
पटवारी का यह बयान बीजेपी और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच आया है।