गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला के अमरकंटक चौक के पास बीच सड़क जन्मदिन मनाकर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने भाजयुमो जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’ समेत तीन नामजद लोगों और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लिया। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।

सड़क पर मंच बनाकर मनाया जन्मदिन
पुलिस के मुताबिक, घटना 18 सितंबर 2026 की है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही भाजयुमो के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’ का जन्मदिन अमरकंटक चौक के पास सड़क पर मनाया गया।
आरोप है कि जन्मदिन समारोह के लिए सड़क पर मंच तैयार किया गया था। ढोल-ताशों के साथ बड़ी संख्या में लोग जुटे, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। इस दौरान कार और बाइक चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
जन्मदिन समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गौरेला पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लिया। वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर पुलिस ने आयोजन से जुड़े लोगों की पहचान की।
पुलिस ने सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’, मौसम ताम्रकार और ऋतुराज अग्रवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
BNS की इन धाराओं में मामला दर्ज
गौरेला पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा सार्वजनिक मार्ग में बाधा उत्पन्न करने या खतरा पैदा करने से संबंधित है।
इसके अलावा धारा 3(5) के तहत भी अपराध दर्ज किया गया है, जो सामान्य आशय से कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कृत्य से संबंधित है।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की वैधानिक विवेचना कर रही है।
पुलिस बोली- कानून सभी के लिए समान
गौरेला पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून और नियम सभी के लिए समान हैं। सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति भीड़ जुटाकर यातायात बाधित करने या आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मामले में वायरल वीडियो समेत अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।