बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-30 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरकाटोला घाट के पास डीजे से बंधी पिकअप और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर ही पलट गया, जबकि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।
पिकअप में सवार थे करीब 10 युवक
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मरकाटोला घाटी में डीजे से बंधी पिकअप खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। पिकअप में करीब 10 युवक सवार थे।
टक्कर के बाद पिकअप सवार कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ट्रक चालक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही पुरुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
2 युवकों की मौके पर मौत, 3 ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
पुलिस के अनुसार, हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 3 युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 5 अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
हादसे के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़े रहे, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल एसपी ने की 5 मौतों की पुष्टि
एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि हादसे में 5 युवकों की मौत हुई है, जबकि 5 युवक घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मरकाटोला घाट पर पहले भी हो चुका है हादसा
नेशनल हाईवे-30 का मरकाटोला घाट क्षेत्र पहले भी सड़क हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। अगस्त में इसी मार्ग पर मुंबई की बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर (24) की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। उनका बाइक ग्रुप बस्तर की ओर जा रहा था।
एक बार फिर इसी मार्ग पर हुए भीषण हादसे ने हाईवे पर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना की रोकथाम को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।