November 7, 2026

रायपुर/सिंगापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में शामिल होने के लिए सिंगापुर दौरे पर है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रवास के पहले दिन विश्व प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। चर्चा में नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास, शहरी हरियाली, वनस्पति संरक्षण और ईको-टूरिज्म के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

गार्डन्स बाय द बे की कार्यप्रणाली समझा प्रतिनिधिमंडल ने

मुख्यमंत्री साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को संस्थान की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन से जुड़ी कार्यप्रणालियों की जानकारी दी गई।

बैठक में उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन के विकास पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता वाला प्रदेश है। गार्डन्स बाय द बे के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने के साथ-साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लैंडस्केपिंग बेहतर बनाने तथा हरित क्षेत्रों का विस्तार करने में लिया जा सकता है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इन प्रयासों से छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार मिल सकता है। इससे पर्यटकों की संख्या बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

SBF के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए मुख्यमंत्री

सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय SING फोरम की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून मौजूद रहे।

डिनर में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के सदस्यों के साथ मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। आयोजन में छत्तीसगढ़ के सात सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सहभागिता रही।

यह कार्यक्रम भारतीय राज्यों और सिंगापुर के कारोबारी समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी पर संवाद का मंच बना।

छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों की जानकारी दी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लीडरशिप डिनर के दौरान छत्तीसगढ़ को उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति, कारोबार सुगमता यानी ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए गए सुधारों और एमएसएमई, स्टार्टअप तथा मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सहभागी बनने और प्रदेश में निवेश की संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

5 और 6 अक्टूबर को अहम बैठकों में लेंगे हिस्सा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ आयोजित सीईओ राउंडटेबल में भाग लेंगे।

इस बैठक में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *