जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बच्चों के बीच हो रही हाथापाई को शांत कराने पहुंचे बुजुर्ग अचानक नीचे गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना चांपा थाना क्षेत्र के उच्चभट्ठी गांव की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

भतीजे के घर पहुंचने पर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, राजकिरण यादव अपने चाचा लोचन प्रसाद यादव के घर पहुंचे थे। इस दौरान किसी पारिवारिक बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद के बीच राजकिरण यादव और लोचन प्रसाद यादव के बच्चों के बीच भी हाथापाई शुरू हो गई।
बच्चों को शांत कराने पहुंचे थे लोचन प्रसाद यादव
बताया जा रहा है कि बच्चों को आपस में लड़ता देख लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान बातचीत के बीच वह अचानक नीचे गिर गए। इसके बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने राजकिरण यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की
घटना की जानकारी मिलते ही चांपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राजकिरण यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बुजुर्ग की मौत किस वजह से हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद और मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।