गरियाबंद जिले के देवभोग विकासखंड के ग्राम खोकसरा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में पूर्व भाजपा विधायक गोवर्धन मांझी ने क्षेत्र की अधूरी विकास योजनाओं और अधिकारियों की अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत आयोजित शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में संबोधन के लिए पूर्व विधायक का नाम नहीं होने पर मांझी ने माइक थामा और क्षेत्र की समस्याएं गिनाईं।

पूर्व विधायक ने उठाए अधूरे विकास कार्यों के मुद्दे
पूर्व विधायक गोवर्धन मांझी ने कहा कि क्षेत्र में कई जरूरी विकास कार्य अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं। उन्होंने बेलाट नाला पर पुलिया निर्माण, झाखरपारा में जिला सहकारी बैंक खोलने और ओडिशा सीमा से गुजरने वाली इंद्रावती नदी से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने में असफलता का जिक्र किया।
मांझी ने यह भी कहा कि विकासखंड के कई जिम्मेदार विभागों के अधिकारी अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। उनके मुताबिक, यदि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदार अधिकारी ही मौजूद नहीं रहेंगे, तो सेवा सेतु अभियान की मूल अवधारणा पूरी नहीं हो पाएगी।
मंत्री बोले- हर आवेदन की होगी सुनवाई
शिविर में ग्रामीणों की बड़ी संख्या जुटी। लोग अपनी मांगें और समस्याएं प्रभारी मंत्री के सामने रखना चाहते थे। आवेदनों को व्यवस्थित तरीके से लेने के लिए मंच के सामने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा सेतु के माध्यम से जनसेवा और जनसमस्याओं के निराकरण पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर आवेदन पर सुनवाई होगी और किसी भी आवेदन को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी आवेदन का निराकरण नहीं हो पाया है, तो आवेदक को इसकी वजह और समाधान की संभावित समयसीमा बताई जाए। उन्होंने सभी आवेदनों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।
खोकसरा और सागौनबाड़ी के लिए विकास कार्यों की घोषणाएं
शिविर के दौरान प्रभारी मंत्री ने क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।
ग्राम खोकसरा में करीब 10 लाख रुपये की लागत से गली कांक्रीटीकरण कराने की घोषणा की गई। इसके अलावा नवीन ग्राम पंचायत भवन, बोर खनन की स्वीकृति और अमृत सरोवर निर्माण से संबंधित घोषणाएं भी की गईं।
वहीं, ग्राम सागौनबाड़ी में नए ट्रांसफार्मर की स्वीकृति की घोषणा की गई। मंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जानकारी भी दी।
विभागीय स्टॉलों पर ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए, जहां ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया गया। अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली।
इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री और लाभ भी वितरित किए गए।