November 6, 2026

रेहटी। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के रेहटी की 24 वर्षीय रक्षा मेहरा ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा-2024 में गणित विषय से 31वीं मेरिट हासिल की है। उनका चयन अनारक्षित (UNR) श्रेणी में सहायक प्राध्यापक पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

रेहटी के शासकीय कन्या स्कूल से की पढ़ाई

रक्षा मेहरा ने अपनी स्कूली शिक्षा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रेहटी से पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने अपने लक्ष्य के प्रति गंभीरता और समर्पण बनाए रखा। आगे की शिक्षा के साथ उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी जारी रखी।

नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत के दम पर रक्षा ने महज 24 वर्ष की उम्र में MPPSC की सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की।

पिता रामकिशोर मेहरा के विश्वास को बताया सफलता की ताकत

रक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और विशेष रूप से अपने पिता रामकिशोर मेहरा के विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि पिता ने हमेशा उन पर भरोसा किया और उनके लक्ष्य को अपना लक्ष्य समझकर हर कदम पर प्रोत्साहित किया।

रक्षा के मुताबिक, परिवार के समर्थन ने उन्हें मेहनत जारी रखने और अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि को पिता को समर्पित किया है।

रक्षा की सफलता से क्षेत्र में खुशी का माहौल

रक्षा के चयन की खबर मिलते ही परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। लोगों ने उनकी उपलब्धि को मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताते हुए खुशी जाहिर की।

छोटे शहर से निकलकर कम उम्र में MPPSC जैसी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली रक्षा मेहरा की उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का उदाहरण बनी है।


About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *