November 6, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ की चौथी वाहिनी सशस्त्र बल के माना स्थित परिसर में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुलिस के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर जवानों ने देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। राष्ट्र और समाज के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।

शहीद जवानों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का दिन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस हमें उन वीर सपूतों की याद दिलाता है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। यह दिन केवल शहीदों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का भी दिन है।

उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान कठिन और विषम परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। वे नागरिकों की सुरक्षा और समाज में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।

नक्सलवाद के खिलाफ जवानों के साहस और बलिदान को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए इस वर्ष का पुलिस स्मृति दिवस विशेष महत्व रखता है। दशकों तक नक्सलवाद की हिंसा और भय से प्रभावित रहे प्रदेश ने शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने कहा कि जवानों के साहस, पराक्रम और सर्वोच्च बलिदान से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। शहीद जवानों का योगदान प्रदेश की शांति और सुरक्षा के प्रयासों में हमेशा स्मरणीय रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *