November 7, 2026

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज आरंग विकासखंड के भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में शामिल हुए। यहां उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने करीब 29 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही चार अन्य विकास कार्यों के लिए राशि देने और 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की घोषणा भी की।

बाबा गुरु घासीदास का संदेश समाज के लिए पथ-प्रदर्शक : CM साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास ने सत्य, अहिंसा, करुणा, समानता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह पूरे मानव समाज के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेगा। उनका अमर संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ हमें भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास की पावन कर्मभूमि भण्डारपुरी धाम सतनाम पंथ की आस्था के साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला आस्था, सामाजिक एकता और सद्भाव की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।

युवाओं के लिए दिल्ली में कोचिंग सीटें 100 से बढ़ाकर 200

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाबा गुरु घासीदास के बताए सत्य, करुणा, समानता और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। सतनामी समाज की शिक्षा, सामाजिक और आर्थिक प्रगति के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। भण्डारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव से जुड़े स्थलों के विकास एवं संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण राज्य सरकार का उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक सद्भाव मजबूत करने की अपील की।

28 करोड़ 96 लाख के तीन सड़क कार्यों का भूमिपूजन

मुख्यमंत्री साय ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत के तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें शामिल हैं:

  • मोहंदी-अड़सेना मार्ग: 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये की लागत से 4 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण।
  • नरदहा: 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये की लागत से 2 किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण।
  • छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग: 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये की लागत से 29 किलोमीटर सड़क का डामर नवीनीकरण।

इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने और गांवों के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

चार विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की।

  • ग्राम पंचायत खमतराई में हाईस्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये।
  • नगर पंचायत आरंग के ओड़का में नए प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये।
  • नगरपालिका परिषद मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये।
  • चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपये।

इसके अलावा अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की भी घोषणा की गई।

CM साय के नेतृत्व में सतनामी समाज का विकास : गुरु खुशवंत साहेब

तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सतनामी समाज लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। समाज की ओर से रखी गई विकास संबंधी मांगों को मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता के साथ पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि भण्डारपुरी में मोती महल का भूमिपूजन समाज की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं, दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सीटें बढ़ाकर 200 किए जाने से अधिक युवाओं को लाभ मिलेगा।

धर्मगुरु बालदास साहेब ने दिया समानता का संदेश

सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास ने समानता का संदेश देकर समाज को सत्य, सद्भाव और मानवता का रास्ता दिखाया। उन्होंने समाज के लोगों से बाबा के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सतनामी समाज के संत एवं पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *