राजनांदगांव। विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा द्वारा AK-47 से की गई हर्ष फायरिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फायरिंग की तकनीक और पुलिस के शस्त्र नियमों के पालन को लेकर विशेषज्ञों की ओर से सवाल उठाए जाने के बाद अब पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने एसपी से स्पष्टीकरण मांगा है।

पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन के दौरान की थी फायरिंग
दरअसल, विजयादशमी पर शहर के पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र में वर्षों पुरानी परंपरा के तहत शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में विधि-विधान से शस्त्रों की पूजा की। इस दौरान मां दुर्गा से बुराई के अंत और लोगों की सुरक्षा के लिए शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम के दौरान साड़ी पहने एसपी अंकिता शर्मा ने AK-47 से हर्ष फायरिंग भी की थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया।
पुलिस मुख्यालय ने लिया संज्ञान
राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने बताया कि यह मामला पुलिस मुख्यालय के संज्ञान में भी आया है और मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर पुलिस द्वारा सभी जिलों में परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन किया जाता है, लेकिन राजनांदगांव एसपी की हर्ष फायरिंग को लेकर मीडिया में उठी टिप्पणियों के बाद स्पष्टीकरण मांगा गया है।
स्पष्टीकरण के बाद पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी रिपोर्ट
आईजी अजय यादव के मुताबिक, एसपी से पुलिस के शस्त्र संबंधी नियमों के अनुरूप कार्रवाई और पुलिस की गरिमा को लेकर उठे सवालों पर जवाब मांगा गया है। एसपी का स्पष्टीकरण मिलने के बाद आईजी अपनी टिप्पणी के साथ प्रकरण पुलिस मुख्यालय को भेजेंगे।
इसके बाद पुलिस मुख्यालय से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में एसपी का स्पष्टीकरण और पुलिस मुख्यालय के अगले निर्देश सामने आने बाकी हैं।