रायपुर। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ को समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और प्राकृतिक संपदाओं से परिपूर्ण राज्य बताते हुए मां दंतेश्वरी से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

एक्स पर साझा किया शुभकामना संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारतीय संस्कृति और लोक आस्था की समृद्ध परंपराओं से सुसज्जित तथा विपुल प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सर्वांगीण विकास की ओर आगे बढ़े। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुखी, समृद्ध और सशक्त हो, मां दंतेश्वरी से उनकी यही प्रार्थना है।
1 नवंबर 2000 को बना था छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ का गठन 1 नवंबर 2000 को मध्य प्रदेश से अलग होकर हुआ था। इस वर्ष राज्य अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर नवा रायपुर (अटल नगर) में तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।
प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है प्रदेश
छत्तीसगढ़ को ‘धान का कटोरा’ कहा जाता है। राज्य की पहचान इसकी जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध वन संपदा से है। बस्तर की पारंपरिक संस्कृति और ढोकरा कला यहां की विशिष्ट पहचान हैं।
पर्यटन के लिहाज से चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात और सिरपुर के ऐतिहासिक मंदिर प्रमुख आकर्षण हैं। जैव विविधता से भरपूर राष्ट्रीय उद्यानों और लोक परंपराओं के कारण छत्तीसगढ़ देश के विशिष्ट सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में गिना जाता है।