November 21, 2026

छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सेमीफाइनल मुकाबला रोमांच और शानदार खेल का गवाह बना। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से शिकस्त दी और फाइनल में प्रवेश कर लिया। अंक तालिका में सबसे नीचे से क्वालीफाई करने वाली स्ट्राइकर्स ने लीग चरण में अपराजित रही शीर्ष टीम को हराकर बड़ा उलटफेर किया।

पहले सेमीफाइनल को देखने कृषि मंत्री रामविचार नेताम और अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल भी स्टेडियम पहुंचे थे।

लीग में अपराजित रही थी न्यायधानी नाइट्स

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स चौथी क्वालीफायर टीम के रूप में सेमीफाइनल में पहुंची थी, जबकि न्यायधानी नाइट्स अंक तालिका में शीर्ष पर रही थी। नाइट्स ने लीग चरण में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया था। इतना ही नहीं, लीग मैच में उसने स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराया था। ऐसे में सेमीफाइनल में स्ट्राइकर्स की जीत को टूर्नामेंट का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।

पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर

मुकाबले के पहले क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शाहरुख के शानदार फ्लिक से गोल कर बढ़त बनाई। हालांकि न्यायधानी नाइट्स के आदर्श ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। क्वार्टर खत्म होने से ठीक पहले चिराग ने मिडफील्ड से मिली गेंद पर स्ट्राइकर्स के डिफेंडरों को छकाते हुए गोल किया और नाइट्स को बढ़त दिला दी।

दूसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों ने तेज रफ्तार से खेल जारी रखा। आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर लीग में अपना 13वां गोल किया और सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इसके बाद 24वें मिनट में अरबाज अली ने भी शानदार खेल दिखाते हुए अपना पहला गोल किया।

शाहरुख की हैट्रिक ने पलटा मैच

तीसरे क्वार्टर में शाहरुख ने नाइट्स के डिफेंडरों को छकाते हुए फील्ड गोल किया और स्कोर बराबर कर दिया। कुछ ही देर बाद शमशेर पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सके, लेकिन रिबाउंड पर शाहरुख ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली।

आखिरी क्वार्टर में स्ट्राइकर्स ने दागे दो गोल

अंतिम क्वार्टर में आर्यन जेस ने सर्कल के भीतर मिले शानदार पास को गोल में बदलकर स्ट्राइकर्स की बढ़त 5-3 कर दी। इसके बाद ओम कुमार यादव ने निशांत तिर्की के साथ मिलकर टीम का छठा गोल किया। इस तरह संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने 6-3 से मुकाबला जीतकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *