बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने नगर निगम के एक क्लर्क को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लक्ष्मीकांत कोका के रूप में हुई है, जो नगर निगम के संपदा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ है। आरोप है कि उसने लीज रिन्यूवल के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

लीज रिन्यूवल के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला लीज रिन्यूवल का काम कराने के लिए नगर निगम कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि इस काम के बदले क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका ने उनसे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर अजीत शुक्ला ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत मिलने के बाद ACB ने प्रारंभिक सत्यापन किया और शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।
ACB ने कार्यालय में बिछाया ट्रैप
निर्धारित योजना के तहत ACB बिलासपुर की टीम ने नगर निगम के संपदा अधिकारी कार्यालय में कार्रवाई की। टीम ने लक्ष्मीकांत कोका को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद ACB की टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की जांच जारी
ACB की टीम मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। रिश्वत की मांग और लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों को भी कार्रवाई का हिस्सा बनाया जा रहा है। मामले में जांच पूरी होने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।