रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश टेनिस संघ (CSTA) के मानद सचिव गुरुचरण सिंह होरा ने आगामी ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) के चुनाव में महासचिव पद के लिए चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि टेनिस उनके लिए केवल खेल नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और आजीवन प्रतिबद्धता है।
होरा ने कहा कि उन्होंने जमीनी स्तर से लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक टेनिस के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और खेल प्रशासन के ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया है। मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ व्यवसाय के क्षेत्र में काम करने के बावजूद उन्होंने खेल प्रशासन में पेशेवर और संरचनात्मक दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी।

CM विष्णुदेव साय और खेल नेतृत्व की सराहना
गुरुचरण सिंह होरा ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया के खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार सकारात्मक प्रयास हो रहे हैं।
CSTA अध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी के मार्गदर्शन का उल्लेख
होरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश टेनिस संघ के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी का आशीर्वाद और मार्गदर्शन उनके साथ है। उनके मुताबिक, डॉ. द्विवेदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में टेनिस को नई ऊंचाइयां मिली हैं और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम हुआ है।
उन्होंने कहा कि देशभर में वरिष्ठों के मार्गदर्शन और सहयोग से वे भारतीय टेनिस के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना चाहते हैं।
कई महत्वपूर्ण खेल संगठनों में निभा चुके हैं जिम्मेदारी
गुरुचरण सिंह होरा वर्तमान में AITA के संयुक्त सचिव (अंतरिम) और छत्तीसगढ़ राज्य टेनिस संघ के महासचिव हैं। इसके अलावा वे वर्ष 1994 से यूनियन क्लब, रायपुर में अध्यक्ष और सचिव की भूमिका निभा चुके हैं।
वह 2020 से 2024 तक छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव रहे हैं। वहीं 1989 से 2002 तक छत्तीसगढ़ शतरंज एसोसिएशन के सचिव और 1996 से 2000 तक रायपुर डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
Davis Cup, Commonwealth Games और Wimbledon से जुड़ा अनुभव
होरा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई बड़े खेल आयोजनों से जुड़े रहने का भी अनुभव साझा किया। उनके मुताबिक, उन्होंने Davis Cup, Commonwealth Games और Wimbledon Championships जैसे आयोजनों में काम किया है।
उन्होंने फरवरी 2025 में नई दिल्ली में भारत-टोगो Davis Cup मुकाबले तथा 2025 में भारत-स्विट्जरलैंड मुकाबले में सेवा दी। अक्टूबर 2023 में डरबन, दक्षिण अफ्रीका में भारतीय टेनिस टीम के साथ Davis Cup से जुड़े रहे।
इसके अलावा उन्होंने 2010 नई दिल्ली Commonwealth Games में भी सेवाएं दीं। 2022 में भारत-डेनमार्क और 2023 में भारत-मोरक्को Davis Cup मुकाबलों में AITA के कार्यकारी सदस्य के रूप में भी जुड़े रहे। वर्ष 2025 में लंदन में आयोजित Wimbledon Championships में भाग लेकर अंतरराष्ट्रीय टेनिस व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिलने की बात उन्होंने कही।
रायपुर में अंतरराष्ट्रीय टेनिस अकादमी में योगदान
होरा ने बताया कि CSTA के मानद सचिव के रूप में उन्होंने रायपुर में अंतरराष्ट्रीय टेनिस अकादमी की स्थापना में भी योगदान दिया है। उनके अनुसार, करीब 25 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित इस अकादमी का उद्देश्य खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्हें छत्तीसगढ़ शासन की ओर से शहीद विनोद चौबे सम्मान-2024 से सम्मानित किए जाने की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ शासन की खेल सलाहकार समिति के लिए नामित रह चुके हैं।
जूनियर और जमीनी स्तर के खिलाड़ियों पर रहेगा फोकस
AITA महासचिव पद के लिए अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए होरा ने कहा कि यदि वह निर्वाचित होते हैं तो उनका विशेष फोकस जमीनी स्तर पर टेनिस को मजबूत करने, जूनियर खिलाड़ियों के विकास और भारतीय टेनिस के दीर्घकालिक विकास की योजना तैयार करने पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि देश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही भारतीय टेनिस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए खेल प्रशासन में संरचनात्मक बदलाव की दिशा में काम करने की बात कही।
अंत में होरा ने साथी खिलाड़ियों, खेल संगठनों और टेनिस प्रेमियों से अपने चुनाव अभियान में समर्थन और आशीर्वाद की अपील की।