अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-43 पर अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग में शुक्रवार शाम सड़क हादसे में स्कूटी सवार कारोबारी की मौत हो गई। सीतापुर में सेंट्रल बैंक के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई और वे वहां से गुजर रहे ट्रेलर के पहिए की चपेट में आ गए। मृतक की पहचान 70 वर्षीय त्रिलोक चंद गोयल के रूप में हुई है।

निहारिका स्टोर्स के संचालक थे त्रिलोक चंद गोयल
जानकारी के मुताबिक, हादसा सेंट्रल बैंक के पास हुआ। त्रिलोक चंद गोयल स्कूटी से जा रहे थे, तभी उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान गुजर रहे ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
त्रिलोक चंद गोयल सीतापुर में निहारिका स्टोर्स नाम से थोक किराना दुकान संचालित करते थे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
एम्बुलेंस नहीं पहुंचने पर ऑटो से अस्पताल ले जाया गया शव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा। उनका कहना है कि मौके पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने स्ट्रेचर की मदद से शव को उठाया और करीब 100 मीटर दूर तक ले गए। वहां से ऑटो के जरिए शव को अस्पताल पहुंचाया गया।
जर्जर सड़क को लेकर लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब हालत पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि दुर्घटनास्थल के आसपास सड़क जर्जर है और बारिश के कारण स्थिति और खराब हो गई है। लोगों के मुताबिक, इस सड़क के निर्माण के लिए हादसे से एक दिन पहले ही भूमिपूजन किया गया था।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।