November 10, 2026

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एलाड़मड़गु कैंप के पास IED को निष्क्रिय करने के दौरान जोरदार धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से CRPF के चार जवान घायल हो गए। घायलों में दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो को सामान्य चोटें लगी हैं। सभी घायलों को कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए तेलंगाना के भद्राचलम स्थित हायर सेंटर ले जाया जा रहा है।

IED डिफ्यूज करते समय हुआ धमाका

जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा बलों की टीम इलाके में सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को एक IED मिला। इसे निष्क्रिय करने की कार्रवाई के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में चार जवान आ गए।

घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

CRPF की 50वीं वाहिनी के जवान घायल

IED ब्लास्ट में घायल जवानों का विवरण इस प्रकार है:

  1. ASI एम. के. तिवारी — ATT टीम, गंभीर चोट।
  2. ASI अनीश खान — CRPF की 50वीं वाहिनी, गंभीर चोट।
  3. निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा — ATT टीम, सामान्य चोट।
  4. प्रधान आरक्षक कुलदीप राज — CRPF की 50वीं वाहिनी, सामान्य चोट।

घटना के बाद इलाके में सर्चिंग तेज

धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। आसपास के इलाके में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी अन्य विस्फोटक की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

फिलहाल, घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए भद्राचलम ले जाया जा रहा है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *