बिलासपुर/मुंगेली। राज्य जीएसटी विभाग ने टैक्स चोरी और जीएसटी नियमों में गड़बड़ी की शिकायतों के आधार पर बिलासपुर और मुंगेली में 6 कारोबारियों के ठिकानों पर जांच कार्रवाई की है। कार्रवाई में मुंगेली के होटल-रेस्टोरेंट और बिलासपुर के व्यापार विहार के व्यापारी शामिल हैं। विभाग की जांच में बिलिंग और टैक्स से जुड़ी अनियमितताओं की बात सामने आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

व्यापार विहार में गुटखा, ड्राई फ्रूट्स और तेल कारोबारी जांच के दायरे में
बिलासपुर के व्यापार विहार में तीन कारोबारियों के ठिकानों पर स्टेट जीएसटी टीम ने जांच की। इनमें गुटखा, ड्राई फ्रूट्स और तेल का कारोबार करने वाले व्यापारी शामिल हैं। विभाग की कार्रवाई टैक्स चोरी, बोगस बिलिंग और ई-वे बिल में गड़बड़ी जैसे मामलों की जांच के तहत की गई।
अधिकारियों के मुताबिक, राज्यभर में स्टेट जीएसटी और सेंट्रल जीएसटी विभाग की ओर से टैक्स चोरी और जीएसटी नियमों के उल्लंघन के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
मुंगेली के होटल और ढाबे भी जांच के दायरे में
मुंगेली में टैक्स चोरी और बिलिंग में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। विभाग को शिकायत मिली थी कि कुछ होटल और रेस्टोरेंट में कथित तौर पर कच्चे बिल के जरिए बिक्री दर्ज कर टैक्स बचाने की कोशिश की जा रही है।
इसी क्रम में बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वेलर्स, पड़ाव चौक स्थित दिनेश ज्वेलर्स और धरमपुरा मेन रोड स्थित नुक्कड़ ढाबे में भी जांच की गई।
नुक्कड़ ढाबे पर 20 हजार रुपये का जुर्माना
धरमपुरा मेन रोड स्थित नुक्कड़ ढाबे में हुई जांच के दौरान कच्चे बिल से जुड़े मामले सामने आने की बात कही गई है। विभाग ने कार्रवाई करते हुए ढाबे पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
बावा होटल पर 60 लाख की पेनाल्टी
वहीं, मुंगेली के पड़ाव चौक स्थित वैष्णव मिष्ठान भंडार (बावा होटल) पर विभाग की कार्रवाई सबसे बड़ी रही। यहां जांच के बाद 60 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाए जाने के साथ टैक्स संबंधी कार्रवाई की गई है।
स्टेट जीएसटी विभाग की ओर से टैक्स चोरी, गलत बिलिंग और अन्य जीएसटी अनियमितताओं को लेकर आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।