November 21, 2026

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा में आवारा कुत्तों के हमले से घायल गर्भवती चीतल की मौत हो गई। करीब दो वर्षीय चीतल जंगल से भागकर शहर पहुंची थी। वह बीएसपी मुख्य अस्पताल परिसर के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गई, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

कुत्तों के झुंड ने घेरकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, रविवार को चीतल जंगल से भटककर दल्लीराजहरा शहर की ओर आ गई थी। यहां आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया। जान बचाने के लिए भागते हुए वह बीएसपी मुख्य अस्पताल परिसर के पास पहुंची। इस दौरान कुत्तों के हमले से उसके पिछले पैरों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर गई।

वन विभाग की टीम ने पहुंचाया अस्पताल

घायल चीतल को देखकर स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद दल्लीराजहरा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गई। हालांकि, उसे बचाया नहीं जा सका। बाद में वन विभाग की टीम ने नियमानुसार मृत चीतल का अंतिम संस्कार कराया।

गर्भवती थी चीतल, वन्यजीव संरक्षण पर चिंता

बताया जा रहा है कि मृत चीतल गर्भवती थी। ऐसे में उसकी मौत से वन्यजीव संरक्षण और जंगल से शहर की ओर आने वाले वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *