November 25, 2026

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल और मैनपावर घोटाला मामले में आबकारी विभाग के पूर्व एमडी अरुणपति त्रिपाठी को बिलासपुर हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। अग्रवाल को शराब घोटाला मामले में राहत मिली है, जबकि कोल और चावल घोटाले के मामलों में उन्हें जेल में ही रहना होगा। वहीं, मैनपावर घोटाले में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद त्रिपाठी को 95 दिन बाद जमानत मिली है। इस मामले में अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने पैरवी की।

मैनपावर घोटाले में क्या हैं आरोप?

जांच एजेंसियों के मुताबिक, प्लेसमेंट एजेंसियों के जरिए शराब दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों को मिलने वाला ओवरटाइम, बोनस और चार अतिरिक्त दिनों का भुगतान कर्मचारियों तक नहीं पहुंचा। आरोप है कि फर्जी रिकॉर्ड तैयार कर एजेंसियों को करोड़ों रुपये का अवैध भुगतान किया गया।

जांच एजेंसियों का दावा है कि अरुणपति त्रिपाठी के कार्यकाल में सेवा शुल्क और अन्य मदों के नाम पर एजेंसियों को 152.40 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान किया गया। इनमें ‘ईगल हंटर’ और ‘अलर्ट कमांडोज’ नाम की दो एजेंसियों को 48 करोड़ रुपये से ज्यादा दिए जाने का आरोप है।

एजेंसियों के मुताबिक, बीआर लोहिया के कहने पर फर्जी बिल तैयार किए जाते थे और इसके बदले अधिकारियों को नकद कमीशन दिया जाता था। आरोप है कि त्रिपाठी ने मैनपावर एजेंसियों से 28 से 32 करोड़ रुपये का कमीशन वसूला और इसे अनवर ढेबर तक पहुंचाया। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने त्रिपाठी के हिस्से के बताए गए 3 करोड़ रुपये और लंबित बिल पास कराने के बदले ली गई 28.80 लाख रुपये की रकम जब्त की थी। जांच एजेंसियों ने कथित अवैध कमाई को अंगड़िया नेटवर्क के जरिए मुंबई और हैदराबाद भेजे जाने के सबूत भी चालान में शामिल किए हैं।

शराब घोटाले में अग्रवाल पर क्या आरोप?

शराब घोटाले की जांच में ED ने दावा किया था कि शराब सिंडिकेट से जुटाए गए करीब 860 से 880 करोड़ रुपये रायपुर के शंकर नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन पहुंचाए गए। एजेंसी के मुताबिक, यह रकम रामगोपाल अग्रवाल की निगरानी में कार्यालय तक पहुंचाई गई थी।

ED ने इस मामले में अग्रवाल की दो अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया था। इनकी कीमत करीब 9.06 करोड़ रुपये बताई गई है। एजेंसी ने 8 अक्टूबर को संपत्तियां अटैच करने का आदेश जारी किया था और 9 अक्टूबर को रायपुर की विशेष PMLA अदालत में अग्रवाल के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की थी। अग्रवाल को 11 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था और वह न्यायिक हिरासत में थे।

राजीव भवन तक रकम पहुंचाने का दावा

ED की जांच के अनुसार, शराब सिंडिकेट से मिलने वाली रकम का बड़ा हिस्सा लक्ष्मी नारायण बंसल उर्फ पप्पू बंसल संभालता था। आरोप है कि अग्रवाल के निर्देश पर यह रकम राजीव भवन पहुंचाई जाती थी और वहां उनके साथ काम करने वाले अकाउंटेंट देवेंद्र डढ़सेना को नकदी सौंपी जाती थी।

एजेंसी के मुताबिक, करीब 72 करोड़ रुपये अग्रवाल के नियंत्रण में थे और उनके निर्देश पर इस रकम को रखने, इस्तेमाल करने या बांटने का आरोप है। ये सभी आरोप जांच एजेंसियों के हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *