November 6, 2026

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शहडोल दौरे से पहले जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। धनपुरी, बुढ़ार और अमलाई थाना क्षेत्रों की पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था।

काले झंडे दिखाने की घोषणा के बाद पुलिस अलर्ट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 25 अक्टूबर को शहडोल में एक दिवसीय दौरा प्रस्तावित था। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने और मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की रणनीति बनाई थी।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा और कार्यक्रम में किसी तरह का व्यवधान रोकने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई। इसके बाद धनपुरी, बुढ़ार और अमलाई थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने तड़के कार्रवाई करते हुए कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को डिटेन कर लिया।

बाणगंगा मैदान में 400 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहडोल के बाणगंगा मैदान में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होना था। इस दौरान मुख्यमंत्री छह जिलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों को सिंगल क्लिक के जरिए बोनस राशि का अंतरण करने वाले थे।

इसके साथ ही जिले को 400 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दिए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसमें कई योजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण शामिल था।


About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *