अजयगढ़। मध्य प्रदेश के अजयगढ़ राजपरिवार की राजकुमारी देवांजना सिंह ने राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। रायपुर के राजकुमार कॉलेज में 23 से 27 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘ऑल इंडिया IPSC बॉयज एंड गर्ल्स आर्चरी एंड शूटिंग चैंपियनशिप’ में उन्होंने कुल चार पदक अपने नाम किए। देवांजना ने एक स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया।

राष्ट्रीय मंच पर दिखाया दम
राजकुमार कॉलेज, रायपुर के खेल परिसर में आयोजित पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के पब्लिक स्कूलों के चयनित खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच अजयगढ़ राजपरिवार के सदस्य महाराज साहब (बमुरी) की पुत्री देवांजना सिंह ने तीरंदाजी की विभिन्न श्रेणियों में सटीक निशाना लगाते हुए एक स्वर्ण और तीन रजत पदक हासिल किए।
पिछले साल भी जीते थे चार पदक
देवांजना सिंह ने पिछले वर्ष अजमेर के मेयो कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया था। उस प्रतियोगिता में उन्होंने दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीते थे। लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करना उनके खेल प्रदर्शन की निरंतरता को दर्शाता है।
उपलब्धि पर परिजनों और खेल प्रेमियों ने दी बधाई
देवांजना की उपलब्धि पर परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने खुशी जताई है। उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी तीरंदाजी की बड़ी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।