भोपाल। सऊदी अरब पर हूती हमलों के बाद क्षेत्र में बढ़े तनाव और उड़ानों के रद्द होने से मध्य प्रदेश के करीब 300 उमराह यात्री खाड़ी देशों में फंस गए हैं। इनमें भोपाल, इंदौर, सीहोर और शुजालपुर के यात्रियों की संख्या अधिक बताई जा रही है। विदेश में फंसे यात्रियों ने वीडियो जारी कर केंद्र और राज्य सरकार से मदद की अपील की है। उन्होंने स्पेशल फ्लाइट की व्यवस्था कर सुरक्षित भारत वापस लाने की मांग की है।

एयरलाइंस पर लापरवाही का आरोप
यात्रियों ने एयरलाइंस कंपनियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हूती हमलों के बाद अचानक उड़ानें और टिकट रद्द कर दिए गए, लेकिन यात्रियों के ठहरने और खाने-पीने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
यात्रियों का आरोप है कि उड़ान रद्द होने के बाद भी एयरलाइंस ने उनकी मदद नहीं की। उनका कहना है कि ऐसी स्थिति में यात्रियों के ठहरने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी एयरलाइंस की होनी चाहिए थी।
वापसी के टिकट 4 से 5 गुना महंगे
यात्रियों के मुताबिक, दूसरी एयरलाइंस से वापसी का टिकट बुक कराने की कोशिश करने पर सामान्य किराये से चार से पांच गुना अधिक कीमत बताई जा रही है। इससे उनकी आर्थिक परेशानी बढ़ गई है।
विदेश में फंसे यात्रियों ने केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि विशेष विमान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित भारत लाया जाए, ताकि वे अपने घर लौट सकें।