September 15, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 11 IAS अधिकारियों और राज्य प्रशासनिक सेवा के 6 अफसरों का तबादला किया है। इनमें अपर कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से तबादले के आदेश जारी किए गए हैं। फेरबदल में संभागायुक्त, विभागीय आयुक्त, निगमों के प्रबंध संचालक और मिशन संचालक स्तर के पदों पर भी बदलाव किया गया है।

इन IAS अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी

  • अनिल सुचारी को भंडार गृह निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है।
  • दिलीप कुमार को सागर संभाग का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।
  • अनुभा श्रीवास्तव को राजस्व विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
  • सतेन्द्र सिंह पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का दायित्व संभालेंगे।
  • नेहा मारव्या सिंह को अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है।
  • निधि निवेदिता मध्य प्रदेश की नई प्रमुख राजस्व आयुक्त होंगी।
  • अनुराग वर्मा को राज्य नागरिक आपूर्ति निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है।
  • मयंक अग्रवाल को विकसित भारत-रोजगार गारंटी आजीविका मिशन का मिशन संचालक और समग्र नर्मदा मिशन का CEO नियुक्त किया गया है।
  • संदीप जी.आर. को महिला एवं बाल विकास आयुक्त की जिम्मेदारी मिली है।
  • अवि प्रसाद को एमपी पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कॉर्पोरेशन का प्रबंध संचालक बनाया गया है।
  • नेहा जैन को स्मार्ट सिटी उज्जैन की CEO और उज्जैन नगर निगम की अपर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

विवादों में रहीं नेहा मारव्या की जिम्मेदारी बदली

तबादला सूची में 2011 बैच की IAS अधिकारी नेहा मारव्या का नाम भी प्रमुख है। उन्हें संचालक आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं और प्रबंध संचालक पंचायत अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की जिम्मेदारी से हटाया गया है।

उनके खिलाफ विभाग की महिला अधिकारियों के साथ बैठक में कथित अभद्र व्यवहार के आरोप लगे थे। मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों ने पेन डाउन हड़ताल भी की थी और शिकायत मुख्य सचिव तक पहुंची थी। अब उन्हें अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

निधि निवेदिता को भी महिला एवं बाल विकास विभाग से हटाया

वहीं, महिला एवं बाल विकास आयुक्त निधि निवेदिता को भी विभाग से हटा दिया गया है। जानकारी के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले संयुक्त संचालक स्तर के अधिकारी के साथ कथित डांट-फटकार के बाद विभागीय अधिकारियों में नाराजगी सामने आई थी और आंदोलन की स्थिति बन गई थी।

अब निधि निवेदिता को महिला एवं बाल विकास विभाग से हटाकर राजस्व विभाग में प्रमुख राजस्व आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।

सागर संभाग में भी बड़ा बदलाव

सागर संभाग के आयुक्त अनिल सुचारी को हटाकर उनकी जगह दिलीप कुमार को नया संभागायुक्त बनाया गया है। वहीं सुचारी को भंडार गृह निगम का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है।

कुमार पुरुषोत्तम का बढ़ा कद

मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर सचिव और राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे कुमार पुरुषोत्तम को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

उन्हें आयुक्त उद्योग और प्रबंध संचालक, लघु उद्योग निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा लोक सेवा आयोग इंदौर की सचिव शीतल पटले को श्रम आयुक्त इंदौर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में एक ओर कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं, वहीं कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार देकर उनका प्रशासनिक दायरा भी बढ़ाया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *