
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के Season Awards 2025-26 समारोह में मध्य प्रदेश क्रिकेट के शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, टीमों और क्रिकेट से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न श्रेणियों में कुल ₹2 करोड़ 94 लाख 29 हजार 508 की पुरस्कार राशि वितरित की गई।
प्रशांत मेहता और आनंद पटेल को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
माधवराव सिंधिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रशांत मेहता को दिया गया। उन्हें ₹5 लाख और सिल्वर प्लाक प्रदान किया गया। वहीं सी.टी. सरवटे लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड आनंद पटेल को मिला। उन्हें भी ₹5 लाख और सिल्वर प्लाक से सम्मानित किया गया।
निश्काम कर्मयोगी अवॉर्ड राजेंद्र राजगुरु, घनश्यामदास पारखे और सुरेश चेनानी को दिया गया। तीनों को ₹1 लाख 11 हजार 111 की राशि और सिल्वर प्लाक प्रदान किया गया।
चैंपियन MP अंडर-19 टीम को ₹73.83 लाख
कूच बिहार ट्रॉफी की चैंपियन MP अंडर-19 टीम को ₹73 लाख 83 हजार 750 की पुरस्कार राशि मिली। महिला सीनियर टी-20 ट्रॉफी की रनर-अप MP सीनियर टीम को ₹40 लाख दिए गए। अन्य BCCI टीमों के लिए ₹64 लाख 84 हजार 375 की पुरस्कार राशि वितरित की गई।
भारतीय महिला, पुरुष और अंडर-19 टीम में शामिल मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों अनुष्का शर्मा, सारांश जैन, आनंद तागड़े, यशवर्धन चौहान और मनाल चौहान को भी विशेष सम्मान देते हुए ₹5-5 लाख दिए गए।
आर्यन पांडे और चंचल राठौर सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर
माधवराव सिंधिया अवॉर्ड फॉर बेस्ट सीनियर क्रिकेटर-मेन आर्यन पांडे को मिला, जबकि बेस्ट जूनियर क्रिकेटर-मेन का पुरस्कार चंचल राठौर ने हासिल किया। दोनों को ₹1-1 लाख दिए गए।
महिला वर्ग में अनन्या दुबे को बेस्ट सीनियर क्रिकेटर और आयुषी शुक्ला को बेस्ट जूनियर क्रिकेटर चुना गया। दोनों को ₹50-50 हजार की पुरस्कार राशि मिली।
गेंदबाजी में अंडर-16 BCCI टूर्नामेंट के बेस्ट स्पिनर रितिक परब को ₹20 हजार और अंडर-19 BCCI टूर्नामेंट के बेस्ट फास्ट बॉलर पुष्कर विश्वकर्मा को ₹30 हजार मिले। कुशाग्र नगर को स्पेशल रिकग्निशन अवॉर्ड के तहत ₹30 हजार और नितिन मेनन को सिल्वर प्लाक दिया गया।
इंदौर डिवीजन बना नंबर-1
डिवीजन इंसेंटिव स्कीम में इंदौर डिवीजन ने पहला स्थान हासिल किया और उसे ₹7.50 लाख का पुरस्कार मिला। उज्जैन डिवीजन को दूसरे स्थान के लिए ₹5 लाख दिए गए। डिवीजन अवॉर्ड्स के लिए कुल ₹60 लाख 68 हजार 50 की राशि निर्धारित की गई थी।
समारोह में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर एवं ICC मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कुल मिलाकर MPCA Season Awards 2025-26 में खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धियों से लेकर टीम और डिवीजन के प्रदर्शन तक को सम्मान मिला, जिससे मध्य प्रदेश क्रिकेट के सफल सत्र का भव्य समापन हुआ।