निवाड़ी। जिले में प्रशासनिक स्तर पर अनियमितताओं को लेकर शिकायतों का सिलसिला जारी है। अब निवाड़ी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के बीएमओ डॉ. आरसी मलारया के खिलाफ पूर्व टीकाकरण वाहन चालक अंकित शर्मा ने सागर संभागायुक्त दिलीप कुमार के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने बीएमओ पर डीजल की मांग करने, फर्जी बिलिंग और अन्य वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।

शिकायतकर्ता ने संभागायुक्त को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
50 लीटर डीजल मांगने और बिलों में एडजस्ट करने का आरोप
अंकित शर्मा का आरोप है कि टीकाकरण वाहन की सर्विसिंग के दौरान बीएमओ डॉ. आरसी मलारया ने 50 लीटर डीजल की मांग की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस राशि को सरकारी रिकॉर्ड में एडजस्ट करने के लिए भी दबाव बनाया गया।
इसके अलावा बीएमओ पर एक महिला कर्मचारी का नियम विरुद्ध तरीके से वेतन निकालने सहित अन्य वित्तीय अनियमितताओं के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने इन आरोपों से संबंधित दस्तावेज और पूर्व शिकायतों से जुड़े कागजात संभागायुक्त को सौंपने की बात कही है।
दो साल से शिकायत करने का दावा
अंकित शर्मा का कहना है कि वह पिछले करीब दो वर्षों से बीएमओ के खिलाफ शिकायतें कर रहे हैं। उनके मुताबिक राज्यपाल, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य आयुक्त और जिला प्रशासन के अधिकारियों तक शिकायतें भेजी जा चुकी हैं।
शिकायतकर्ता का दावा है कि पूर्व में हुई जांच में कुछ आरोप सही पाए गए थे और इससे जुड़े दस्तावेज भी उन्होंने संभागायुक्त के सामने प्रस्तुत किए हैं। उनका आरोप है कि इसके बावजूद अब तक बीएमओ के खिलाफ अपेक्षित प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है।
संभागायुक्त ने जांच का दिया आश्वासन
मामले को लेकर सागर संभागायुक्त दिलीप कुमार ने कहा कि उन्हें शिकायत से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन का परीक्षण कराया जाएगा। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
अब शिकायत के परीक्षण और जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों पर कार्रवाई निर्भर करेगी। फिलहाल बीएमओ डॉ. आरसी मलारया पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच पूरी होना बाकी है।