राहुल गांधी रायपुर पहुंचे, कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में जिला अध्यक्षों से करेंगे सीधा संवाद
रायपुर। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को रायपुर पहुंचे। उनके आगमन पर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी सीधे अभनपुर पहुंचे, जहां कांग्रेस का संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है।

कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं तथा छत्तीसगढ़ी गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया। प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधे संवाद कर संगठनात्मक मुद्दों, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और सामाजिक गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।
जिला अध्यक्षों को मिल सकते हैं अधिक अधिकार
पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला कांग्रेस कमेटियों को अधिक अधिकार और जिम्मेदारियां देने के विषय पर भी चर्चा हो रही है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत जिला अध्यक्ष स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अधिक प्रभावी निर्णय ले सकेंगे और उनका सीधा संपर्क पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से रहेगा। इसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाना है।
संगठन और फील्ड गतिविधियों पर प्रशिक्षण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी शाम तक जिला अध्यक्षों को संगठन निर्माण, फील्ड विजिट, जनसंपर्क और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण देंगे। इस दौरान पार्टी की भविष्य की रणनीति और संगठन विस्तार पर भी चर्चा होने की संभावना है।
कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उनका छत्तीसगढ़ प्रवास लगभग 4 घंटे 40 मिनट का रहेगा।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इस प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।