रायपुर। अनंत चतुर्दशी के साथ आज गणेश उत्सव का समापन हो जाएगा। राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमाओं की विदाई को लेकर प्रशासन और गणेश समितियों ने तैयारियां की हैं। हर साल की तरह इस बार भी प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रायपुर पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, लगातार हो रही बारिश के चलते गणेश विसर्जन झांकी की तारीख में बदलाव की तैयारी की जा रही है।

अब तक रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों के लिए 27 सितंबर, रविवार की तारीख तय थी। लेकिन मौसम को देखते हुए अब झांकी 28 सितंबर, सोमवार को निकाले जाने की संभावना है। इस संबंध में प्रशासन और गणेश झांकी समितियों के बीच जल्द बैठक होगी, जिसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बारिश के चलते गणेश समितियों की बढ़ी चिंता
प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम की स्थिति को देखते हुए गणेश समितियां झांकी और विसर्जन की तैयारियों को लेकर चिंतित हैं। इसी के चलते राजनांदगांव में भी झांकी की तारीख में बदलाव किया गया है।
राजनांदगांव में 26 सितंबर को निकलेंगी झांकियां
राजनांदगांव में पहले 25 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकियां निकाली जानी थीं। लगातार हो रही तेज बारिश को देखते हुए गणेश झांकी समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से झांकी 26 सितंबर, शनिवार को निकालने का फैसला लिया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि तेज बारिश को देखते हुए झांकी समितियों के साथ चर्चा की गई, जिसके बाद तारीख बदलने पर सहमति बनी। बैठक में झांकी समिति के पदाधिकारियों के साथ एएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
रायपुर में प्रशासन और समितियों के बीच होगी बैठक
रायपुर कमिश्नरेट मध्य जोन के डीसीपी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि राजनांदगांव में गणेश विसर्जन झांकी की तारीख बदले जाने की जानकारी मिली है। रायपुर में इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि रायपुर में फिलहाल तारीख परिवर्तन को लेकर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं हुआ है। गणेश झांकी समितियों के साथ बैठक कर मौसम और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद झांकी की तारीख को लेकर अंतिम जानकारी सामने आएगी।
अगर तारीख में बदलाव होता है तो रविवार के बजाय सोमवार को गणेश प्रतिमाओं की झांकियां जुलूस के रूप में निर्धारित विसर्जन घाटों तक पहुंचेंगी।