उज्जैन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत उज्जैन पहुंच चुके हैं। वे शुक्रवार दोपहर तक शहर के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे संगठनात्मक बैठकों में स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही ‘युवा धर्म संसद’ के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
डॉ. मोहन भागवत देवासगेट क्षेत्र के सरदारपुरा स्थित संघ कार्यालय ‘आराधना भवन’ में ठहरे हैं। उनके उज्जैन प्रवास को लेकर स्थानीय प्रशासन और संघ कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं की हैं।

महाकाल परिसर में स्वयंसेवकों की विशेष बैठक
गुरुवार शाम 5:45 बजे डॉ. मोहन भागवत अरविंद नगर स्थित महाकाल परिसर में आयोजित स्वयंसेवकों की विशेष बैठक में शामिल होंगे। यह संगठनात्मक बौद्धिक कार्यक्रम होगा, जिसमें जिलेभर से करीब 600 अपेक्षित स्वयंसेवकों को प्रवेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संघ प्रमुख करीब डेढ़ घंटे तक स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे और संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
युवा धर्म संसद के उद्घाटन सत्र में होंगे शामिल
शुक्रवार सुबह 10 बजे ‘सेवाज्ञ संस्थानम्’ के तत्वावधान में आयोजित ‘युवा धर्म संसद’ के उद्घाटन सत्र में डॉ. मोहन भागवत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम में देशभर से युवा जुटेंगे। संघ प्रमुख युवाओं को संबोधित करते हुए विभिन्न विषयों पर उनका मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के बाद शुक्रवार दोपहर निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार वे उज्जैन से रवाना हो जाएंगे।
प्रवास को लेकर सुरक्षा के इंतजाम
RSS प्रमुख के उज्जैन प्रवास और निर्धारित कार्यक्रमों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन तथा संघ कार्यकर्ताओं की ओर से सुरक्षा और आयोजन संबंधी व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यक्रम स्थलों पर प्रवेश और व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक तैयारियां की गई हैं।