AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार को भोपाल पहुंचे, जहां उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC), लव जिहाद, मुस्लिम पर्सनल लॉ और खुद को ‘B टीम’ बताए जाने समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। देर शाम सेंट्रल लाइब्रेरी में आयोजित जनसभा में ओवैसी ने RSS और BJP पर निशाना साधा।

रामेश्वर शर्मा के ‘मिसाइल’ बयान पर ओवैसी का पलटवार
सभा के दौरान ओवैसी ने BJP विधायक रामेश्वर शर्मा के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें करोंद से काजी कैंप की ओर मिसाइल चलाने की बात कही गई थी। ओवैसी ने शर्मा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे मिसाइल चलाने की बात कर रहे हैं तो बताएं कि कब लॉन्च करेंगे और वह काजी कैंप में खड़े मिलेंगे।
ओवैसी ने कहा कि वह ऐसे बयानों के सामने झुकने वाले नहीं हैं। इस दौरान उन्होंने शर्मा के लिए आपत्तिजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। शर्मा के बयान को लेकर सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक, बाद में उन्होंने सफाई दी थी कि उनका इशारा भोपाल के काजी कैंप की बजाय इस्लामाबाद के काजी कैंप की ओर था।
UCC को लेकर ओवैसी ने सरकार पर लगाए आरोप
ओवैसी ने UCC का विरोध करते हुए कहा कि यह देश की धार्मिक और सामाजिक विविधता को प्रभावित करेगा। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14, 25, 26 और 29 का हवाला देते हुए धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की बात कही।
ओवैसी ने आरोप लगाया कि UCC के जरिए मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने उत्तराखंड के बाद गुजरात और असम समेत अन्य राज्यों में UCC को लेकर चल रही प्रक्रिया का भी जिक्र किया और कहा कि अलग-अलग धार्मिक समुदायों के व्यक्तिगत कानूनों को एक समान व्यवस्था में लाने का वह विरोध करते हैं।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय संविधान को मानता है और धार्मिक स्वतंत्रता संविधान से मिले अधिकारों का हिस्सा है।
‘निकाह कॉन्ट्रैक्ट है, जन्म-जन्म का साथ नहीं’
जनसभा में ओवैसी ने मुस्लिम विवाह व्यवस्था पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों में निकाह एक कॉन्ट्रैक्ट है, जबकि हिंदू विवाह को अलग धार्मिक-सामाजिक दृष्टिकोण से देखा जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि UCC के जरिए मुस्लिम पर्सनल लॉ में बदलाव करने की कोशिश की जा रही है।
लव जिहाद पर बोले- बालिगों की शादी में रोकने वाले कौन?
लव जिहाद के मुद्दे पर ओवैसी ने कहा कि अगर दो बालिग अपनी इच्छा से शादी करना चाहते हैं तो उन्हें रोकने का अधिकार किसी को नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोहब्बत को धर्म के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के साथ किसी मुद्दे पर कुछ होता है तो उन्हें ‘B टीम’ कहा जाता है। सागर शराब कांड का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने की बात कही।
RSS और मस्जिद-कब्रिस्तान को लेकर भी लगाए आरोप
ओवैसी ने RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि वह RSS की विचारधारा को नहीं, बल्कि संविधान को मानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP शासित राज्यों में मस्जिदों और कब्रिस्तानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
ओवैसी ने कहा कि मुस्लिम समुदाय संविधान के तहत अपने धर्म का पालन करने के अधिकार की रक्षा करेगा। उन्होंने RSS और BJP पर धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप करने के आरोप भी लगाए।
यूपी चुनाव को लेकर गठबंधन पर क्या बोले ओवैसी?
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि AIMIM कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी या कितनी सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन की संभावनाओं पर काम कर रही है।
ओवैसी ने कहा कि अगर BJP को उत्तर प्रदेश में दोबारा सरकार बनाने से रोकने के लिए विपक्षी दल साथ आना चाहते हैं, तो AIMIM गठबंधन के लिए तैयार है। उन्होंने बिहार में भी इसी तरह का प्रस्ताव देने की बात कही।
UCC पर सहयोगी दलों से भी विरोध की अपील
ओवैसी ने BJP के सहयोगी दलों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर उनके और BJP के बीच किसी मुद्दे पर मतभेद हैं, तो उन्हें UCC का विरोध करना चाहिए। उन्होंने TDP, JD(U), कुमारस्वामी, चिराग पासवान और जयंत चौधरी का नाम लेते हुए संविधान के अनुच्छेद 14, 25, 26 और 29 में दिए अधिकारों का हवाला दिया।
उन्होंने कहा कि उनके मुताबिक UCC एक धर्म के व्यक्तिगत कानूनों को दूसरे समुदायों पर लागू करने की दिशा में कदम है और इसी वजह से AIMIM इसका विरोध कर रही है।