
रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर सरकार की गतिविधियां आगे बढ़ने के साथ ही कांग्रेस का विरोध भी तेज होता जा रहा है। कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन की चेतावनी पर भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ में भी दिल्ली जैसी स्थिति पैदा करना चाहती है और समय-समय पर अराजकता फैलाने का प्रयास करती है, लेकिन अपने मंसूबों में सफल नहीं होगी।
‘कांग्रेस भ्रम फैलाने और भड़काने का काम कर रही’
मीडिया से बातचीत में संतोष पांडेय ने UCC पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर कहा कि भाजपा लगातार प्रदेश में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी मुद्दे को लेकर सामने आए, जनता उसका जवाब देगी।
सांसद ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने और लोगों को भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में आदिवासी मुख्यमंत्री और महिला आदिवासी राष्ट्रपति हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार सभी वर्गों के हित में काम कर रही है।
सेवा संकल्प अभियान पर भी कांग्रेस को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर भी संतोष पांडेय ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और बिहार में भाजपा की सरकार बनने से यह स्पष्ट है कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को पसंद करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अलग-अलग मुद्दों को उठाती रहती है, लेकिन जनता उसके दावों को स्वीकार नहीं कर रही है। सांसद ने दावा किया कि कांग्रेस का कोई भी मुद्दा सफल नहीं होगा।
महादेव सट्टा ऐप मामले पर बोले- लगातार हो रही कार्रवाई
महादेव सट्टा ऐप मामले में कार्रवाई को लेकर संतोष पांडेय ने कहा कि इस मामले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने सबसे पहले लोकसभा में इस मुद्दे को उठाया था।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार के दौरान युवाओं को सट्टे और शराब के नशे की ओर धकेला गया, जबकि वर्तमान सरकार युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
सांसद के इन बयानों के बाद UCC समेत कई मुद्दों पर छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।