November 6, 2026

बिलासपुर। दयालबंद के मधुबन इलाके में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चे पानी में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन और मोहल्लेवासी भी बच्चों की तलाश में जुट गए। बाद में SDRF की टीम को बुलाया गया, जिसके बाद नदी में दोनों बच्चों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश शनिवार दोपहर मोहल्ले के पास अरपा नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों नदी के ऐसे हिस्से में चले गए, जहां पानी गहरा था और गड्ढा भी बताया जा रहा है।

इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी के तेज बहाव में बहने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में दोनों बच्चे नदी में लापता हो गए।

पुलिस और SDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और बच्चों की तलाश शुरू कराई।

बाद में SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम नदी के संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। फिलहाल दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है और तलाश जारी है।

गोताखोरों के देर से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने की मांग की। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि घटना के काफी समय बाद तक गोताखोर नहीं पहुंच पाए।

स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब सवा घंटे बाद भी गोताखोरों के नहीं पहुंचने को लेकर परिजनों और मोहल्लेवासियों में नाराजगी रही। हालांकि, बाद में SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर नदी में तलाश शुरू कर दी।

फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम दोनों बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। नदी के अलग-अलग संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *