धमतरी। जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में इन दिनों एक दंतैल हाथी के विचरण से ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप मचा हुआ है। वन विभाग को हाथी की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

P-143 के आसपास हाथी की मौजूदगी
वन विभाग के मुताबिक, दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास मौजूद है। विभाग को आशंका है कि हाथी आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर जा सकता है।
इसे देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा समेत आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों में भी ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुनादी कराकर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। पीपरछेड़ी, कमारपारा सहित आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सावधान किया जा रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और उसे किसी भी तरह परेशान या उकसाने की कोशिश न करें। हाथी की लोकेशन की जानकारी तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को देने की अपील भी की गई है।
गरियाबंद की ओर से पहुंचा दंतैल
बताया जा रहा है कि यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है।
वन विभाग की टीम हाथी की लगातार निगरानी कर रही है। हाथी किस दिशा में आगे बढ़ रहा है, इसके आधार पर आसपास के ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। विभाग ने लोगों से जंगल और आसपास के इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।