September 14, 2026

बारिश में बुलेट पर सवार CM मोहन यादव, हाथ में तिरंगा; बच्चों के साथ पैदल चले, दिखा देशभक्ति का अलग अंदाज

हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत, बारिश के बीच तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री

भोपाल में 9 अगस्त को देशभक्ति से सराबोर नजारा देखने को मिला। बारिश की बूंदों के बीच हाथों में तिरंगा लिए लोग सड़कों पर नजर आए। इसी दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भी एक अलग और सहज अंदाज देखने को मिला। उन्होंने अपने निवास पर तिरंगा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया और इसके बाद खुद बुलेट पर सवार होकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

बारिश के बावजूद मुख्यमंत्री निवास से निकली तिरंगा यात्रा टीटी नगर स्टेडियम तक पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री ने इस दौरान छात्रों, युवाओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

बारिश नहीं रोक सकी मुख्यमंत्री का कदम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने निवास से सुरक्षा जवानों और स्टाफ के साथ बुलेट पर सवार होकर निकले। यात्रा के दौरान बारिश शुरू हो गई, लेकिन उनका काफिला आगे बढ़ता रहा। हाथ में तिरंगा और बारिश के बीच मुख्यमंत्री का यह अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

बच्चों से मिले, तिरंगा भेंट किया

तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री की सहजता का एक और दृश्य देखने को मिला। रास्ते में बच्चों को देखकर उन्होंने वाहन रोका और उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बच्चों को तिरंगा भी भेंट किया।

बारिश के बीच मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा, “बच्चों, बारिश हो रही है, आप सब भीग जाओगे।” इस पर बच्चों ने उत्साह से जवाब दिया कि उन्हें बारिश में भीगना पसंद है। बच्चों का उत्साह देखकर मुख्यमंत्री उनके साथ कुछ दूर पैदल चल पड़े।

यह दृश्य यात्रा के सबसे यादगार पलों में शामिल रहा। मुख्यमंत्री का बच्चों के बीच इस तरह सहज होकर घुलना-मिलना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

युवाओं के बीच चर्चा में आया अंदाज

बुलेट पर सवार मुख्यमंत्री, बारिश के बीच तिरंगा यात्रा और फिर बच्चों के साथ पैदल चलने का उनका अंदाज खासकर युवाओं को आकर्षित करता नजर आया। यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जब युवा अपने कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्राथमिकता देंगे, तभी देश और मध्यप्रदेश नई ऊंचाइयों को हासिल कर सकेगा।

‘तिरंगा हमारे गौरव का प्रतीक’

मुख्यमंत्री निवास से शुरू हुई तिरंगा यात्रा बारिश के बीच टीटी नगर स्टेडियम तक पहुंची। पूरे रास्ते तिरंगा देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बना रहा।

भोपाल की सड़कों पर मुख्यमंत्री का यह अंदाज एक संदेश देता नजर आया कि देशभक्ति केवल मंच या औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है। बारिश के बीच भी तिरंगे के सम्मान में आगे बढ़ती यह यात्रा युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का संदेश देती रही।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *